इंदौर मीडिया कॉन्क्लेव में सुनाई नवाचार की कहानी

इंदौर। इंदौर शहर में जनभागीदारी से विकास कार्य करवाने की प्राचीन परम्परा रही है, जिसे देवी अहिल्या बाई ने शुरू किया था। इसी परम्परा को हम भी आगे बढ़ा रहे हैं। जब स्वच्छता का सर्वे शुरू हुआ था, तब हम 47वें नंबर पर थे। नागरिकों के सहयोग की बदौलत लगातार पहले नंबर पर हैं और आगे भी बने रहेंगे। इंदौर देश का पहला शहर है, जहां 6 हिस्सों में कचरा उठवाया जा रहा है तथा उसका निष्पादन भी हो रहा है। यह बात महापौर पुष्यमित्र भार्गव  ने कही। वे इंदौर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित मीडिया कॉन्क्लेव के तीसरे दिन के प्रथम सत्र नवाचार के शहर इंदौर की कहानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव की जुबानी विषय पर बोल रहे थे।
नवाचारों पर चर्चा करते हुए महापौर ने कहा कि हमने जो नवाचार किए हैं, उसका असर आने वाले दिनों में दिखाई देगा। इसे 2050 के मॉडल के आधार पर तैयार किया गया है, जिसके जरिए नगर निगम को आत्मनिर्भर बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि हमने नवाचार के जरिए बिजली बिल में 22 करोड़ की बचत की है। सबसे बड़ा खर्च नर्मदा जल को लाने में होता था, इसके लिए हमने जलूद में सोलर पार्क का निर्माण किया है। साथ ही 26 हजार दुकान, घरों और कार्यालयों में सोलर रूफटाप स्थापित किए हैं। जिसके जरिए 100 मेगावाट बिजली उत्पादित हो रही है। यह आत्मनिर्भर नगर निगम बनने की दिशा में एक बड़ा कदम है। आज बिजली के मामले में जितना खर्च आता है, उतनी ही बिजली में जनरेट कर पा रहे हैं। श्री भार्गव ने कहा कि जब मैं महापौर बना था, तब निगम के ठेकेदारों का नगर निगम पर 800 करोड़ रुपए बकाया था। एक साल के भीतर आधी राशि यानि 400 करोड़ रुपए चुका दिया गया है। जल्द ही बकाया राशि का भी भुगतान हो जाएगा और भविष्य में नगर निगम पर भारी देनदारियां न हों इसके भी प्रबंध किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि नवाचार की दिशा में डिजिटलाइजेशन पर भी हमारा जोर है। निगम के सभी विभागों में यह काम जारी है और अब तक चार लाख दस्तावेजों को सुरक्षित किया जा चुका है।  2050 के मॉडल को ध्यान में रखते हुए सड़क, पानी और बिजली को ध्यान में रखकर आगामी योजनाओं पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम के काम को लेकर इंदौर के पत्रकारों और मीडिया की सकारात्मक भूमिका रहती है। उनकी सक्रियता हमें ऊर्जावान बनाती है तथा हमारा मार्गदर्शन भी करती है।
प्रारंभ में स्वागत भाषण इंदौर प्रेस क्लब अध्यक्ष अरविंद तिवारी ने दिया। सत्र का संचालन उपाध्यक्ष प्रदीप जोशी ने किया। स्वागत महासचिव हेमंत शर्मा, कोषाध्यक्ष संजय त्रिपाठी, कार्यकारिणी सदस्य विपिन नीमा ने किया। एसोसिएटेड प्रेस-एपी के वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट राजेश कुमार सिंह द्वारा लिखी गई पुस्तक कुशीनगर महापौर श्री भार्गव को इंदौर प्रेस क्लब की तरफ से शैलेश पाठक और अजय शारडा ने भेंट की।

ट्रैफिक इंजीनियर की स्थाई नियुक्ति होना चाहिए
सत्र में सवाल-जवाब का भी एक दौर हुआ। ट्रैफिक को लेकर उठे सवाल के जवाब में महापौर ने कहा कि 2050 के मॉडल में यातायात को लेकर हम बहुत ध्यान दे रहे हैं। इसके तहत आधारभूत संरचना पर काम हो रहा है। ट्रैफिक इंजीनियरिंग और जनजागरूकता पर काम चल रहा है, लेकिन इसमें जनजागरूकता के मामले में आम लोगों की भूमिका और बढ़ाना होगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम में ट्रैफिक इंजीनियर जैसे पद पर स्थाई नियुक्ति होना जरूरी है, इसके लिए शासन को लिखा भी है। उन्होंने स्वीकार किया कि स्मार्टसिटी का काम लेट चल रहा है, जितने बजट का काम खोल लिया है, उतना बजट मिला नहीं।  कान्ह नदी के संबंध में उन्होंने कहा कि सिर्फ बजट में प्रावधान कर देने भर से नदी पुनर्जीवित नहीं हो सकती। सबसे पहले नदी के पेंच ठीक करना होंगे। इसका प्रारंभिक प्रयोग हमने अमितेश नगर के हिस्से में किया है। इस हिस्से में ट्रीटमेंट प्लांट का पानी छुड़वाया और आज उस पानी में रंग-बिरंगी मछलिया तैर रही हैं। इसी तरह नदी के अगले हिस्से तैयार होंगे।


अराजकता बरदाश्त नहीं करेगे
गणेशगंज में एक मकान को सील करने के प्रश्न पर महापौर ने कहा कि शहर में ऐसी अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित व्यक्ति के पक्ष में अगर कोर्ट ने कोई फैसला दिया है तो उस फैसले को बड़ी कोर्ट में चुनौती दी जा सकती है। पर अधिकारियों ने दुर्भावनापूर्वक यह कार्रवाई की, मैं स्वयं इस कार्यक्रम में आने से पूर्व उस परिवार से मिला और खेद प्रकट किया। खुद खड़े रहकर ताले खुलवाए। इस मामले में जो भी दोषी होंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

स्व. श्री माथुर का किया पुण्य स्मरण

मूर्धन्य पत्रकार स्व. राजेंद्र माथुर की पुण्यतिथि एवं इंदौर प्रेस क्लब के स्थापना दिवस के मौके पर पत्रकार साथियों ने पलासिया चौराहे स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनका पुण्य स्मरण किया। इस मौके पर पद्मश्री भालू मोढ़े, इंदौर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अरविंद तिवारी, उपाध्यक्ष प्रदीप जोशी, महासचिव हेमंत शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य अभय तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार नीलमेघ चतुर्वेदी, महेंद्र दुबे, मुकेश तिवारी, नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र गरोठिया, डॉ. अर्पण जैन, कमलेश सेन, विमल गर्ग, मदन दुबे, धर्मेश यशलाहा, सुरेश सालुंके, अखिल हार्डिया, मनसुख परमार, राजेंद्र गुप्ता, लक्ष्मीकांत पंडित, महेश शर्मा, शैलेन्द्र श्रीमाल, मुकेश भार्गव, जयसिंह रघुवंशी सहित  बड़ी संख्या में मीडिया के साथी उपस्थित थे।