बालाघाट। कोसमी बलवा कांड के और 12 आरोपी गिरफ्तार
डाली दमाहे हत्या मामले मे आक्रोशित लोगो ने किया था पुलिस पर पथराव
बालाघाट। बालाघाट में 3 मार्च 2022 को कोसमी निवासी डाली दमाहे हत्या के बाद लोगों ने पुलिस पर पथराव किया था। इस मामले में करीब एक साल बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस पर पथराव करने वाले लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गत दिनों पुलिस ने चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया था। शनिवार को भी 12 और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकालकर उन्हें थाने ले गई।
इन्हें किया गिरफ्तार
पुलिस ने देवेन्द्र वैष्णव, शिवम दमाहे, राजा उर्फ मानसिह, रामू नगपुरे को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। शनिवार को पुलिस ने कोसमी निवासी 29 वर्षीय रवि उर्फ डोमा पिता आशा नगपुरे, 27 साल वर्षीय विशाल उर्फ विलास उर्फ चंकी पांडे पिता मारुति बम्बुरे, 27 वर्षीय शिवम उर्फ शिब्बू पिता मंगलप्रसाद विश्वकर्मा, 29 वर्षीय राजा उर्फ मोटु पिता स्व. दीपलाल उपवंशी, 38 वर्षीय नरेश उर्फ आजाद पिता फूलचंद नगपुरे, 30 वर्षीय विजय पिता स्व. चैनलाल लिल्हारे, 28 वर्षीय आशीष उर्फ घूंघरू पिता सदारू सिरसाज, 22 साल अभिषेक उर्फ लालु पिता फागूलाल केकडे, 29 वर्षीय सोहन उर्फ सोनु पिता धनीराम दशहरे, 26 वर्षीय दीपक पिता शिवराम दमाहे, 24 वर्षीय नवीन उर्फ दद्दु पिता मोहरहाल यादव और 46 वर्षीय महेश पिता सीताराम दमाहे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस पर पथराव मामले में ग्रामीण पुलिस अब तक वीडियो और चश्मदीदों की जानकारी के आधार पर 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
वीडियो देखकर कार्रवाई
डाली दमाहे हत्याकांड के बाद पुलिस कर्मियों पर पथराव एवं अराजकता का माहौल फैलाने वाले के खिलाफ पुलिस ने एक साल बाद कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। जहां पूर्व में नामजद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने उन्हें जेल भिजवा दिया था, वहीं 18 मार्च को 12 आरोपियों को और गिरफ्तार किया है। अन्य नामजद आरोपियों सहित सैकड़ो की संख्या में बलवा की घटना में संलिप्त आरोपियों की सीसीटीवी फुटेज, वीडियोग्राफी एवं गवाहों के आधार पर पुलिस पहचान करने में जुटी है।
अतिक्रमण पर चलेगा बुलडोजर
पुलिस अब इनकी संपत्ति की जांच करने में लगी है, ताकि आरोपियों के अतिक्रमण पाए जाते है उस पर बुलडोजर भी चलाया जायेगा। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार पुलिस जल्द ही इस कार्यवाही को शुरू करने जा रही है। पुलिस की इस कार्यवाही से जहां अपराधियो में हड़कंप का माहौल है, वहीं आम लोगो में पुलिस सुरक्षा का विश्वास पैदा हो रहा है।
डाली पर चाकू से हुआ था हमला
महाकाल सेना और बब्बर सेना के संस्थापक तथा पूर्व जिला पंचायत सदस्य दिवंगत डाली दमाहे पर एक वर्ष पूर्व 3 मार्च 2022 को प्राणघातक हमला किया गया था। इसमें गोंगलई स्थित उनके निवास में पहुंचकर कुछ लोगों ने चाकू से वार कर घायल कर दिया था। जिसके बाद डाली दमाहे की गोंदिया में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। जिससे आक्रोशित लोगों ने कोसमी क्षेत्र में तोडफोड़ और उपद्रव किया था।
एक वर्ष बाद इस प्रकरण में पुलिस ने पत्थरबाजों, उपद्रवी तत्वों और अपराधी प्रवृत्ति के लोगों पर ताबड़तोड़ कार्यवाही शुरू कर दी है। पत्थरबाजी में तत्कालीन सीएसपी अपूर्व भलावी सहित लगभग 8 पुलिस कर्मियों पर भी पथराव किय गया था। जिसमें पुलिसकर्मियों को चोटें भी आई थी। जिसको लेकर पुलिस अब एक्शन मोड पर है। इसमें नामजद आरोपियों सहित अन्य पत्थरबाजी एवं उपद्रवी तत्वों पर बलवा की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।