बालाघाट। आम आदमी पार्टी जिला इकाई ने राज्यसभा सांसद संजय सिंह सिसोदिया की गिरफ्तारी के विरोध में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर केंद्र की मोदी सरकार पर सत्ता का दुरुपयोग करने और विपक्ष को कमजोर करने के लिए ईडी सीबीआई का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। साथ ही आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी कार्यकर्ताओं द्वारा हनुमान चौक से रैली निकाली गई यह रैली नगर का भ्रमण करते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंची जहां उनके द्वारा राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौपा गया। नगर के हृदय स्थल हनुमान चौक में किए गए इस एक दिवसीय धरना प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी पदाधिकारियो ने राज्यसभा सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी का खुलकर विरोध करते हुए उनकी गिरफ्तारी को राजनीतिक साजिश बताया है। तो वहीं उन्होंने ईडी द्वारा की गई इस छापेमार करवाई और आप नेता की गिरफ्तारी को अवैध बताते हुए केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की है। आम आदमी पार्टी के लोकसभा प्रमुख शिव जायसवाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि उनका यह धरना प्रदर्शन केंद्र सरकार की तानाशाही के खिलाफ है क्योंकि केंद्र सरकार और अलोकतांत्रिक व संवैधानिक तरीके से जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है वहीं विपक्ष को कमजोर व समाप्त करने के लिए सरकार सीबीआई, ईडी का दुरुपयोग कर लोकतंत्र की हत्या कर रही है। राज्यसभा सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी भी केंद्र सरकार द्वारा कराई गई है जबकि वे निर्दोष है इसके विरोध में उन्होंने यह धरना प्रदर्शन किया है। आपको बताएं कि पिछले दिनों दिल्ली की शराब नीति घोटाले के मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ा एक्शन लेते हुए राज्यसभा सांसद संजय सिंह के घर छापा मार कार्यवाही की थी। ईडी ने लंबी पूछताछ के बाद संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया था जिसका विरोध आम आदमी पार्टी द्वारा संपूर्ण देश में किया जा रहा है।
ईडी सीबीआई का दुरुपयोग कर रही मोदी सरकार - जायसवाल
चर्चा के दौरान आप लोकसभा प्रमुख शिव जायसवाल बताया कि आप नेताओ के खिलाफ करीब 15 महीने से जांच चल रही है, एक हजार से ज्यादा स्थानों पर छापेमारी की गई। कई लोगों की गिरफ्तारियां हुईं और उन्हें कस्टडी में प्रताड़ित किया गया लेकिन अब तक एक पैसे की भी गड़बड़ी नहीं मिली है। संजय सिंह के यहां भी कुछ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि भाजपा अब गंदी राजनीति पर उतर आई है। आम आदमी पार्टी के विकास कार्यों और लोकप्रियता के कारण मोदी सरकार घबराई हुई है। विकास कार्यों के मामले में भाजपा की राज्य सरकारें मुकाबला नहीं कर पाईं तो फिर ये साजिशें और षडयंत्रों के जरिए आम आदमी पार्टी और आम आदमी के मनोबल को तोड़ने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं। पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव जैसे ही आए और स्टार प्रचारक के रूप में संजय सिंह का नाम आया तो उन्हें रोकने के लिए भारतीय जनता पार्टी अपनी हार से घबराकर झूठे केस में फसाने का प्रयास कर रही है।